Kaju Katli Adulteration: शादी हो या त्योहार, मिठाई की बात हो तो काजू कतली का नाम जरूर आता है. आजकल यह काफी पॉपुलर मिठाई बन चुकी है. दिवाली पर भी इसकी खूब डिमांड रहती है. गिफ्ट में सोन पापड़ी मिले तो लोग मीम बनाने लगते हैं, लेकिन काजू कतली का डिब्बा देखकर चेहरे पर खुशी आ जाती है. कई लोग इसे दूसरी मिठाइयों के मुकाबले थोड़ा बेहतर भी मानते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी इस पसंदीदा मिठाई में भी मिलावट हो सकती है? इसे बनाने में काजू की जगह मैदा या दूसरे सस्ते सामान का इस्तेमाल किया जा सकता है. इतना ही नहीं, ऊपर लगा चांदी का वर्क भी नकली हो सकता है. ऐसे में दिवाली पर काजू कतली खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातें जान लेना आपके लिए फायदेमंद होगा.

Kaju Katli Taste and Texture: काजू कतली का स्वाद और टेक्सचर जरूर चेक करें

अच्छी काजू कतली खाते समय आमतौर पर नरम महसूस होती है और मुंह में आसानी से घुल जाती है. इसका स्वाद भी काजू जैसा होता है. अगर मिठाई बहुत सख्त, रबड़ जैसी या आटे जैसी महसूस हो रही है, तो उसकी क्वालिटी पर शक हो सकता है. इसमें मैदा या दूसरे सस्ते सामान की मिलावट होने की आशंका हो सकती है.

Kaju Katli Colour Check: मिठाई का रंग देखकर भी लगाएं अंदाजा

काजू कतली खरीदते समय उसके रंग पर भी ध्यान दें. आमतौर पर इसका रंग हल्का सफेद या क्रीम जैसा होता है. अगर मिठाई बहुत ज्यादा सफेद, पीली या जगह-जगह अलग रंग की दिखाई दे रही है, तो सावधान हो जाएं. इसका टेक्सचर भी देखें. अगर अंदर से मिठाई बहुत सूखी या आटे जैसी लग रही है, तो उसकी क्वालिटी ठीक नहीं हो सकती.

ये भी पढ़ें: दिवाली पर घर में इकट्ठी हो गई हैं मिठाइयां और नमकीन, तो ऐसे करें स्टोर, लंबे समय तक रहेंगे फ्रेश

Silver Foil in Kaju Katli: चांदी के वर्क की गुणवत्ता पर दें ध्यान

काजू कतली के ऊपर लगा चांदी का वर्क इसे खास लुक देता है. लेकिन हर चमकने वाला वर्क असली चांदी का हो, यह जरूरी नहीं है. नकली वर्क में दूसरी धातुओं का इस्तेमाल हो सकता है. सिर्फ उंगलियों से छूकर या देखकर असली और नकली चांदी की पक्की पहचान करना मुश्किल है. इसलिए मिठाई खरीदते समय भरोसेमंद दुकान को प्राथमिकता दें और वर्क की गुणवत्ता को लेकर जानकारी लें.

FSSAI License for Sweets: मिठाई खरीदते समय FSSAI नंबर भी देखें

काजू कतली हो या कोई दूसरी मिठाई, खरीदते समय दुकान की साफ-सफाई जरूर देखें. मिठाई को खुले में धूल-मिट्टी और मक्खियों के बीच रखा गया हो, तो उसे खरीदने से बचें. दुकान पर FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर की जानकारी भी देखें. अगर पैक्ड मिठाई खरीद रहे हैं, तो पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी या बेस्ट बिफोर डेट और दूसरी जरूरी जानकारियां जरूर चेक करें. त्योहार की खुशी में मिठाई खरीदते समय जल्दबाजी न करें. थोड़ी सावधानी बरतकर आप खराब क्वालिटी वाली मिठाई खरीदने से बच सकते हैं.

ये भी पढ़ें: दिवाली पर घर सजाते समय न करें ये 5 गलतियां, लाइट्स से लेकर पटाखों तक इन बातों का रखें ध्यान

The post दिवाली पर काजू कतली खरीदने से पहले कर लें ये 4 जांच, कहीं मिठाई में मिलावट तो नहीं? appeared first on Prabhat Khabar.