महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने रविवार को NCP और NCP (SP) के संभावित विलय को लेकर एक अहम बयान दिया. उन्होंने संकेत दिया कि यह प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही अलग-अलग नेताओं की भूमिकाएं स्पष्ट हो जाएंगी. दिवाली के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए, शिरसाट ने पार्थ पवार और NCP (SP) प्रमुख शरद पवार के बीच हुई एक मुलाकात का जिक्र किया और कहा कि फिलहाल कुछ राजनीतिक घटनाक्रम चल रहे हैं.

दिवंगत अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार और NCP (SP) के अन्य नेताओं ने शनिवार को दक्षिण मुंबई स्थित शरद पवार के आवास पर उनसे मुलाकात की. यह मुलाकात हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज हुए शरद पवार का हाल-चाल जानने के लिए थी. इसके अलावा, मुंबई के एक अस्पताल में वरिष्ठ NCP नेता प्रफुल्ल पटेल और NCP (SP) प्रमुख शरद पवार के बीच हुई हालिया मुलाकात ने दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों को फिर से हवा दे दी है.

एक वायरल वीडियो में, दोनों नेताओं को 10 नवंबर के बाद एक संभावित बैठक के बारे में चर्चा करते देखा गया. इस बीच, NCP के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि अगर अजीत पवार जीवित होते, तो दोनों गुटों का विलय इस साल फरवरी में ही हो गया होता.

पार्थ ने शरद पवार से 24 घंटे के अंदर दूसरी बार मिले

इस बीच दिवंगत अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार ने शरद पवार से रविवार को फिर उनके घर पर मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार गुट की एनसीपी और अजीत पवार गुट की एनसीपी जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकती है. ये मुलाकात करीब 2 घंटे तक चली.

कौन सी पार्टी किसमें विलय करेगी?

NCP का नेतृत्व करने वाले अजीत पवार की जनवरी में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी. शिरसाट ने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि कुछ राजनीतिक घटनाक्रम सामने आएंगे, और अब हम वही देख रहे हैं. अब यह देखना बाकी है कि कौन सी पार्टी किसमें विलय करती है. मुझे लगता है कि ये घटनाक्रम अपने अंतिम चरण में हैं और जल्द ही अलग-अलग लोगों की भूमिकाएं तय हो जाएंगी.” गौरतलब है कि शिरसाट की पार्टी, ‘महायुति’ गठबंधन के तहत NCP की सहयोगी है, जो इस समय राज्य में सत्ता में है.

NCP का 2023 में हुआ था विभाजन

शरद पवार द्वारा स्थापित NCP में 2023 में विभाजन हो गया था, जब प्रफुल्ल पटेल सहित पार्टी के कई नेता अजीत पवार के नेतृत्व में ‘महायुति’ गठबंधन में शामिल हो गए. इसके बाद, अजीत पवार गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न मिल गया, जबकि शरद पवार के गुट को NCP (SP) के नाम से जाना जाने लगा.

पार्थ पवार के बढ़ते प्रभाव से नाखुश

वहीं, प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार के साथ मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब दिल्ली में एनसीपी के वरिष्ठ नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिल रहे थे. पार्टी नेता सुनेत्रा पवार और उनके बेटे, पार्थ और जय, इस मुलाकात का हिस्सा नहीं थे. शाह के साथ यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब ऐसी खबरें आ रही हैं कि एनसीपी नेतृत्व पार्टी के भीतर पार्थ पवार के बढ़ते प्रभाव से नाखुश है.

जब उनसे पूछा गया कि क्या शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) का विलय संभव है, तो शिरसाट ने कहा कि उनकी पार्टी नए सदस्यों का स्वागत करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा, “अगर कोई हमारे पास आता है, तो हम उनका स्वागत करेंगे.”